August 9, 2026

किसान पुत्र:दाऊ चतुर सिंह चन्द्रवंशी

0
WhatsApp Image 2026-08-08 at 10.17.44 PM

कवर्धा रियासत के अंतर्गत स्वराज्य प्राप्ति समिति का निर्माण कर माँ भारती की औपनिवेशिक बंधन मुक्ति हेतु महती भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय श्री दाऊ गनपत सिंह चन्द्रवंशी जी व स्वर्गीया ननकादेवी के सुपुत्र स्व दाऊ श्री चतुर सिंह चन्द्रवंशी जी का जन्म 31 दिसम्बर सन् 1917 को ग्राम झिरौनी में हुआ था। आपकी प्रारंभिक शिक्षा गांँव में एवं हाई स्कूल शिक्षा स्टेट हाई स्कूल खैरागढ़ में हुआ।जहांँ ख्यातिप्राप्त स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित रविशंकर जी शुक्ल,खैरागढ़ नरेश राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह जी,रानी पद्मावती देवी सिंह व राज परिवार तथा पदुमलाल पुन्नालाल जी बख्शी जी का सानिध्य प्राप्त हुआ।सन् 1935 में दाऊ गनपत सिंह चन्द्रवंशी जी अकस्मात् देवलोक प्रयाण कर गए।तब मात्र 18 वर्ष की उम्र में स्वराज्य प्राप्ति समिति के सक्रिय सदस्य बनकर सहभागिता सुनिश्चित की।
कुछ समय तक कवर्धा में शिक्षकीय दायित्व का निर्वहन किया।
सन् 1945-46 में ग्राम लासाटोला निवासी मालगुजार व स्वराज्य प्राप्ति समिति के सक्रिय सदस्य स्व श्री रामदुलारे पाण्डेय जी की सुपुत्री श्रीमती तारा देवी पाण्डेय के साथ मिलकर कवर्धा रियासत के अंतर्गत प्रजा परिषद की स्थापना कर भारत माता की आजादी के लिये संघर्ष किया। स्वतंत्रता प्राप्ति दिवस 14-15 अगस्त सन् 1947 को अर्धरात्रि में कवर्धा के वर्तमान गाँधी मैदान में अपने सहयोगियों स्व श्री चुन्नीभाई देसाई,स्व श्री नेमीचंद जी लूनिया आदि के साथ मिलकर तिरंगा ध्वज फहराया। सन् 1947 में तात्कालीन सी पी एंड बरार विधानसभा चुनाव क्षेत्र कवर्धा से
आपको प्रथम मनोनीत विधायक बनने का श्रेय प्राप्त है। सन् 1957 के मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में कवर्धा विधानसभा चुनाव क्षेत्र से अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांँग्रेस के प्रत्याशी थे।
कवर्धा नरेश धर्मराज सिंह जी से रामराज्य परिषद के प्रत्याशी के रूप में अल्पमत से पराजित हुए। सन् 1972 में विधानसभा चुनाव क्षेत्र कवर्धा से ही पुनः काँग्रेस प्रत्याशी बने। परंतु रामराज्य परिषद के कुमार यशवंत राज सिंह जी से पुनः लगभग 14 सौ मतों से पराजित हुए। सन् 1973 में कवर्धा जनपद सभा के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। साथ ही मध्यप्रदेश प्रांतीय काँग्रेस कमेटी के सदस्य भी रहे। छत्तीसगढ़ कुर्मी क्षत्रिय समाज के विभिन्न फिरकों की एकता के आप प्रबल समर्थक थे। यही कारण है कि आपके कनिष्ठ सुपुत्र श्री अंबिका कुमार सिंह चन्द्रवंशी जी वर्तमान में अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय समाज के राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए गए हैं। ज्येष्ठ सुपुत्र श्री शिवकुमार सिंह चन्द्रवंशी जी जिला कबीरधाम काँग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रह चुके हैं।आपके अनुज स्व दाऊ श्री डाकोर सिंह चन्द्रवंशी व भगिनी स्वर्गीया श्रीमती गीता देवी चन्द्रवंशी व स्वर्गीया श्रीमती गोदावरी देवी चन्द्रवंशी थीं। आपकी अर्धांगिनी का नाम स्वर्गीया श्रीमती द्रौपदी देवी चन्द्रवंशी जी था। सुपुत्री श्रीमती सरस्वती देवी चन्द्रवंशी हैं। सन् 1981 में आपका देहावसान हो गया।आप कवर्धा क्षेत्र के दैदीप्यमान ज्योतिपुंज थे।
महेश आमड़े, कवर्धा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *