2025 को अलविदा, 2026 का स्वागत है!
सबका हर पल खुशियाँ, हर सपना साकार हो।
जीवन कोई गंतव्य नहीं, बल्कि एक अनंत, कभी उबड़-खाबड़, कभी खुशनुमा और कभी शांत सुंदर सी यात्रा है। हम इस यात्रा की शुरुआत एक छोटे-से कदम से करते हैं और फिर चलते जाते हैं, कभी तेज़, तो कभी धीमे और कभी दौड़कर। हमारे हर कदम के साथ नया अनुभव जुड़ते हैं, जिससे नई सीख मिलती है, और इसी बीच कुछ ज़ख्म भी मिलते एवं कुछ ठीक होते है।
हर नया साल हमारे लिए एक नया अध्याय होता है, जिसके पन्नो में जिंदगी लिखनी होती है। हम उस पर उम्मीदों की स्याही से सपने लिखते हैं, संकल्पों की लकीरें खींचते हैं और खुद से वादा करते हैं कि इस बार कुछ अलग और बेहतर होगा। बीते साल की यादें साथ चलती हैं और बीत चुके वर्ष से हम अनेकों अच्छे बुरे अनुभव लेकर आगे बढ़ते है।
इस लंबी यात्रा में सबसे ख़ूबसूरत पड़ाव वे लोग होते हैं जो हमारे साथ चलते हैं। अच्छे दोस्त, समझदार रिश्ते, वो साथी जो बिना शर्त हमारा साथ देते हैं, ये वे लोग हैं जो अंधेरी रातों में भी छोटा-सा दिए का उजाला बन जाते है। वो हमारे अंदर सकारात्मक ऊर्जा का स्रोत है। ये यही लोग होते है, जो हमारी जिंदगी की असफलताओं में साथ होते है। यह बात जरूरी नहीं कि हर किसी को चीजें आसानी से या थोड़ी मेहनत के बाद मिल गई हो। बहुतों को जिंदगी की सफलता की सीढ़ियां चढ़ने के लिए खुद को आग की भट्टी में तपना पड़ता है। हमारी जिंदगी के रास्ते हमारे आस पास के माहौल पर भी निर्भर करते है। ऐसे में अच्छे लोगों का हमारी जिंदगी में आना और उत्साह बढ़ना हमारे अंदर सकारात्मकता से भर देता है। वे हमारे जीवन के असली रत्न हैं।
इस नए साल की शुरुआत में हम सिर्फ़ संकल्प ही नहीं, बल्कि थोड़ा-सा प्रेम, थोड़ी-सी कृतज्ञता और ढेर सारा धैर्य भी अपने साथ करें। और जो हमारे अनमोल हीरे है, उन्हें सहेजकर आगे भी रखे।
एक उम्मीद पर सारी दुनिया खड़ी है, तो हम अपनी उम्मीद कैसे तोड़ दे? उम्मीद हो तभी उजाला भी होता है।
नया साल आप सभी के लिए खुशियों का नया सूरज लाए। हर सपना सच होने की दहलीज पर आए।
दिन की नई शुरुआतें बहुत खूबसूरत हों।
2026 आप सभी के लिए हँसी, प्यार, स्वास्थ्य, सफलता और ढेर सारी छोटी-बड़ी खुशियों से भरा हो!
नूतन वर्ष सबका मंगलमय हो 🙏🏼🎈🕉️
––– अम्बिका कुशवाहा अम्बी
पटना– 1 (बिहार)