November 25, 2026

प्रोफेसर अवधेश प्रधान

0
WhatsApp Image 2026-11-24 at 9.48.11 AM

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के एक पूर्वाग्रही प्रोफेसर ने फेसबुक पर ही डेढ़ दो साल पहले (समय ठीक से याद नहीं) प्रोफेसर अवधेश प्रधान जी को चेताया था कि आप तो वामपंथी हैं, आप कैसे जा सकते हैं संघ के आयोजन में? मंचस्थों की सूची में शामिल थे प्रधान जी, बाद में नाम नहीं रहा। किसी ने कहा कि संघ ने स्वयं हटाया, इलाहाबाद वाले प्रोफेसर को लगा कि उनके फेसबुक लेखनी से हटा और हम जैसों को लगा कि प्रधान जी स्वयं किनारे हो लिए होंगे, बहरहाल.. जो भी। सारांश यह कि प्रधान जी नामचीन वामपंथी स्वरूप में ही प्रचलित हैं।
अच्छा आप देखेंगे कि दक्षिणपंथी-वामपंथी दोनों में अलग प्रकार का पूर्वाग्रह मिलता है।
मोटे तौर पर अगर अंतर देखें तो
एक में
अपनी सांस्कृतिक श्रेष्ठता का आग्रह,
अतीत का चयनात्मक महिमामंडन,
विरोधी को राष्ट्रविरोधी कहने की प्रवृत्ति तथा
धार्मिक अस्मिता का आग्रह

जबकि दूसरे में
अपनी वैचारिक श्रेष्ठता का आग्रह
इतिहास का चयनात्मक वर्गीय विश्लेषण
विरोधियों को प्रतिक्रियावादी कहने की प्रवृत्ति तथा
वैचारिक अस्मिता का आग्रह
मिलता है।
तो?
तो…

महामना मदनमोहन मालवीय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के समय भावुक होते हुए प्रधान जी कहीं से भी वामपंथी नहीं लग रहे थे। हम दर्जनों बनारसी शिष्यों को देखकर बार- बार महामना की बगिया में खो जाते प्रधान जी नहीं लग रहे थे वामपंथी। ‘जन गण मन’ के साथ खड़े होकर पुलकित होते हुए कहीं से नहीं लग रहे थे वामपंथी प्रधान जी। रामकृष्ण मिशन के अपने से कम उम्र के गेरुआधारी स्वामियों के पैर छूकर आशीर्वाद प्राप्त करते हुए भी नहीं लग रहे थे प्रधान जी वामपंथी।
तब?
?
तब क्या..
वे कुछ नहीं हैं
बहुत कुछ हैं
प्रिय अध्यापक हैं
रोचक वक्ता हैं
गंभीर लेखक-अध्येता हैं
वे मनुष्य हैं
मनुष्यता की बात करते हैं
और क्या चाहिए?

कुलमिलाकर डेढ़ दशक के बाद बनारस से दूर अंबिकापुर छत्तीसगढ़ में अपने प्रिय अध्यापक को सामने से सुनना अच्छा लगा। हम कक्षा में थे सर क्लास ले रहे थे।
आह!

खैर।

औपचारिक जानकारी यह है कि,

संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में ‘भारतीय ज्ञान परंपरा : कल, आज और कल’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित हुआ।

सरगुजा, 23 नवंबर 2026: संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा के हिंदी विभाग द्वारा आज ‘भारतीय ज्ञान परंपरा : कल, आज और कल’ विषय पर एक विशेष व्याख्यान का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. राजेंद्र लाकपाले के कुशल निर्देशन एवं अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के हिंदी विभाग के सेवानिवृत्त प्रोफेसर प्रो. अवधेश प्रधान उपस्थित रहे, जबकि माननीय कुलपति प्रतिनिधि के रूप में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. नीरज श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य वक्ता प्रो. अवधेश प्रधान ने अपने सारगर्भित व्याख्यान में कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में ज्ञान, चिंतन, जीवन-दृष्टि और मानवीय मूल्यों का व्यापक समन्वय देखने को मिलता है। उन्होंने बताया कि वेद, उपनिषद, दर्शन, साहित्य, भाषा, कला, विज्ञान एवं लोकपरंपराओं में संचित ज्ञान आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करने की पूर्ण क्षमता रखता है। प्रो. प्रधान ने जोर देते हुए कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि हम अपनी इस समृद्ध परंपरा का आधुनिक एवं आलोचनात्मक वैज्ञानिक दृष्टिकोण से अध्ययन करते हुए उसे वर्तमान संदर्भों में पुनर्परिभाषित करें। इसे केवल अतीत की गौरवगाथा मानने के बजाय वर्तमान जीवन और भविष्य की संभावनाओं से जोड़कर देखने की आवश्यकता है। प्रो. नीरज श्रीवास्तव ने भारतीय ज्ञान परंपरा की निरंतरता, आधुनिकता के साथ उसके सामंजस्य, संरक्षण तथा गंभीर अकादमिक अध्ययन की आवश्यकता पर बल दिया। इससे पूर्व, कार्यक्रम के संयोजक एवं हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. राम आशीष तिवारी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए इस आयोजन के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का कुशल संचालन हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रिया राय ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता श्री एच. एस. त्रिपाठी, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से डॉ. मुरली मनोहर सिंह, विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी, श्री प्रवीण अग्रवाल, डॉ. पीयूष पाण्डेय, सी. एल. टंडन सहित विश्वविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, अतिथि व्याख्याता एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस व्याख्यान ने भारतीय ज्ञान परंपरा के विविध आयामों पर गंभीर शैक्षणिक विमर्श की नई संभावनाओं को विस्तार दिया है।

डॉ राम आशीष तिवारी
सह प्राध्यापक- हिंदी
संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय अंबिकापुर सरगुजा छत्तीसगढ़
23/11/2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *