छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति का एक उज्ज्वल नक्षत्र: डॉ. कालीचरण यादव
रावत नाच महोत्सव बिलासपुर के संस्थापक तथा राष्ट्रीय स्तर की वार्षिक लोक संस्कृति को समर्पित पत्रिका ‘मड़ई’ के संपादक डॉ. कालीचरण यादव आज हमारे बीच नहीं रहे।
उनकीअसमय मृत्यु छत्तीसगढ़ की एक अपूरणीय क्षति है। सच कहा जाए तो वे पिछले पचास वर्षों से छत्तीसगढ़ राज्य के संस्कृति पुरुष थे।
एक लंबे अरसे से उन्होंने बिलासपुर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले रावत नाच महोत्सव की गरिमा को बरकरार रखा था। इस वर्ष भी 28 नवंबर 2026 को इस समारोह का आयोजन बिलासपुर में संपन्न होना था, जिसकी तैयारी में वे जी जान से जुटे हुए थे।
वर्षों पहले चेन्नई में हृदय की शल्यचिकित्सा के पश्चात् तथा इतनी दीर्घ आयु में भी, जब हम सब आराम करने की सोचते हैं, वे रात–दिन रावत नाच महोत्सव और मड़ई की तैयारियों में जुटे रहते थे।
प्रति वर्ष आयोजित होने वाले रावत नाच महोत्सव में, जो पूरी रात निर्बाध गति से चलता रहता था, उसमें छत्तीसगढ़ के सौ से अधिक रावत नर्तक दल सम्मिलित होते थे। रात्रि नौ बजे से सुबह आठ बजे तक चलने वाला संपूर्ण देश में यह अपने आपमें एक अनोखा लोक महोत्सव है।
इस वर्ष आयोजित होने वाला रावत नाच महोत्सव का यह 49वाँ वर्ष था। इसी प्रकार मड़ई के 39वें अंक अब तक प्रकाशित हो चुके हैं, जिसमें देश भर के लगभग डेढ़ हजार से अधिक लेखक प्रकाशित हुए हैं तथा यह पत्रिका पूरे देश भर में निःशुल्क वितरित की जाती है।
एक लंबी उम्र के बावजूद उनकी सक्रियता, उनका समर्पण और संस्कृति के प्रति गहरी अभिरुचि अपने आप में किसी मिसाल से कम नहीं है।
मेरा उनसे एक लंबे अरसे से न केवल जीवंत परिचय रहा है, अपितु हम दोनों एक परिवार के सदस्य की तरह थे। जब भी बिलासपुर जाना होता था, मैं उनके घर जाता था और जब भी वे रायपुर आते थे, मुझसे मिले बिना नहीं जाते थे। वह अंतरंगता, वह प्रेम अब मेरे भाग्य में शायद नहीं है।
काली भईया के निधन का समाचार सुनकर मैं स्तब्ध हूं। मैं दौड़कर तुरंत बिलासपुर भी पहुंच सकता था, पर मैं स्वयं अस्वस्थ हूं और भिलाई में स्वास्थ्य लाभ कर रहा हूं। इसलिए मन बहुत बेचैन है, हृदय बहुत व्याकुल है और आंखों में जैसे आंसू फूट पड़ना चाहते हैं।
मैं जानता हूं कि उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती। उनकी कमी हमेशा छत्तीसगढ़ के उन लोगों के हृदय में सदैव महसूस की जाती रहेगी, जो अपनी लोक संस्कृति से प्रेम करते हैं।
वे छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति के सबसे उज्ज्वल नक्षत्र थे, जिनके बिना छत्तीसगढ़ का आकाश अब सूना हो गया है।
रमेश अनुपम