November 25, 2026

कैलाश श्रीवास्तव की तीन पुस्तकों का विमोचन

0
WhatsApp Image 2026-11-24 at 9.43.14 AM

जीवन संघर्षों से उपजी कविताएं और व्यंग्य संवेदनाओं को कुरेदते हैं : वक्ता
राजनांदगांव, 23 नवंबर। प्रगतिशील लेखक संघ की राजनांदगांव इकाई के तत्वावधान में नगर के वरिष्ठ साहित्यकार कैलाश श्रीवास्तव की तीन पुस्तकों का गरिमामय समारोह में विमोचन किया गया। इनमें दो काव्य संग्रह ‘धूप में पेड़ की छांव’ और ‘बारिश में धूप’ तथा व्यंग्य संग्रह ‘साहित्य के मरीज’ शामिल हैं।
समारोह के मुख्य वक्ता छत्तीसगढ़ प्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष रवि श्रीवास्तव ने कहा कि कैलाश श्रीवास्तव की कविताएं सहज, सरल और संप्रेषणीय हैं, वहीं उनके व्यंग्य आजादी के 75 वर्षों के सामाजिक एवं राजनीतिक बदलावों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने मौजूदा व्यवस्था पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज पूंजीपति गब्बर सिंह और जनता बसंती की भूमिका में नजर आ रही है। मनुष्य की पहचान एक ग्राहक तक सीमित होती जा रही है।
मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ प्रगतिशील लेखक संघ के अध्यक्ष नथमल शर्मा (बिलासपुर) ने कहा कि रील और सोशल मीडिया के दौर में पुस्तकों के प्रति पाठकों की रुचि कम हुई है। ऐसे समय में एक रचनाकार की तीन पुस्तकों का एक साथ विमोचन राजनांदगांव की साहित्यिक चेतना का परिचायक है। उन्होंने कहा कि साहित्य तभी सार्थक है, जब वह समाज को बेचैन करे और लोगों को सवाल पूछने के लिए प्रेरित करे। सत्ता और पूंजी के बढ़ते गठजोड़ के बीच साहित्यकारों की सामाजिक जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कथाकार लोक बाबू ने कहा कि राजनांदगांव में साहित्य की सभी विधाओं के रचनाकार मौजूद हैं। कैलाश श्रीवास्तव एक सुलझे हुए कवि और लेखक हैं। उनका मानना है कि लेखन व्यापार नहीं, बल्कि तपस्या है। उन्होंने कहा कि डरपोक व्यक्ति व्यंग्य नहीं लिख सकता। कैलाश श्रीवास्तव ने अपने व्यंग्यों में नए मुहावरों के माध्यम से समाज की संवेदनाओं को झकझोरने का काम किया है।
साहित्यकार डॉ. दादूलाल जोशी ने कहा कि कैलाश श्रीवास्तव की कविताएं जीवन के संघर्षों से उपजी हैं। समाज और मनुष्य के चरित्र का सूक्ष्म अवलोकन उनकी रचनाओं में दिखाई देता है। उनकी कविताओं में जीवन का यथार्थ प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त हुआ है। उन्होंने कहा कि कैलाश श्रीवास्तव की रचनाओं में कहीं-कहीं मुक्तिबोध की साहित्यिक परंपरा का स्पर्श भी दिखाई देता है।
राजशेखर चौबे ने कहा कि किसी लेखक की विचारधारा का परिचय उसकी व्यंग्य रचनाओं की भाषा से मिल जाता है।
इस अवसर पर साहित्यकार कैलाश श्रीवास्तव ने अतिथियों एवं उपस्थित साहित्यकारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय जिन परिस्थितियों से गुजर रहा है, उनका सामना करने में वे स्वयं को असमर्थ महसूस कर रहे हैं।
इसके पूर्व मंचस्थ अतिथियों ने तीनों पुस्तकों का विमोचन किया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं शाल भेंटकर सम्मान किया गया।
समारोह में प्रख्यात शायर अब्दुस्सलाम कौसर, प्रलेस की राजनांदगांव इकाई के अध्यक्ष प्रभात तिवारी, प्रो. थानसिंह वर्मा, कुबेर साहू, अजय चंद्रवंशी, वीरेन्द्र बहादुर सिंह, डॉ. चंद्रशेखर शर्मा, मुन्ना बाबू, सुधीर ठाकुर, समयलाल विवेक, नरेंद्र कुलमित्र, विनय शरण सिंह, यशपाल जंघेल, महेंद्र बघेल, हरेन्द्र कंवर, अनीस अहमद, भिलाई इप्टा के राजेश श्रीवास्तव, मणिमय मुखर्जी, रायपुर के निसार अली एवं सोम गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार उपस्थित थे। अधिवक्ता संघ राजनांदगांव के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष भी समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन लालचंद सिन्हा ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रगतिशील लेखक संघ की राजनांदगांव इकाई के सचिव पोषणलाल वर्मा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *