July 23, 2026
नाराजगी

बच्चे नाराज हैं
कि उन्हें उपदेश बहुत दिया जा रहा
पालतू पशु नाराज हैं
कि उन्हें स्वतंत्र नहीं किया जा रहा
तोता नाराज है
कि पिंजरे से उसे आजादी कब मिलेगी
कुछ मित्र नाराज हैं
कि उनके अहंकार की रक्षा नहीं हो रही
और तो और
अब मोबाइल भी
होने लगा है नाराज
वह उन नंबरों को डिलीट
कर देना चाहता है
जिन पर साल में
एक बार भी बात नहीं होती
इतनी लंबी तो रात नहीं होती
मगर मैं मोबाइल को समझाता हूँ
कि उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए
देखना एक दिन ये नंबर
तुम्हारी मेमोरी से ढूंढ कर
लोग जरूर निकालेंगे
और सूचित करेंगे
कि जाते समय मैंने
उन सबों को याद किया
जो मुझसे रूठे हुए थे।

-राधेश्याम तिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed