March 5, 2026

मऊ जंक्शन उपन्यास :एक समीक्षा

0
WhatsApp Image 2025-10-07 at 10.48.41 AM

—डॉ. मेनका त्रिपाठी

विक्रम सिंह का “मऊ जंक्शन” उपन्यास आजकल खूब चर्चा में है, अंग्रेजी भाषा में नेहा विश्वकर्मा द्वारा अनुदित उपन्यास अपने कलात्मक संतुलन, भाषा की सादगी और विषय की प्रासंगिकता के कारण इतना प्रभावशाली बन पड़ा आपको कोई रेल स्टेशन नहीं —लगेगा वरन यह भीतर का जीवन स्टेशन है,जहाँ हर पात्र किसी न किसी प्रतीक्षा में है — अपने सत्य, अपनी पहचान और अपने रास्ते की विक्रम सिंह ने इस उपन्यास में साधारण जीवन को साहित्यिक गरिमा दी है,और यह साबित किया है कि यथार्थ का भी अपना काव्य होता है — अगर उसे सच्चाई से लिखा जाए।

समीक्षा अपनी कला-संरचना और अभिव्यक्ति दोनों में एक संतुलित रचना के रूप में सामने आता है।सबसे पहले शीर्षक पर ही ध्यान जाता है मऊ यह कोई आम कस्बा नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के पूर्वी भाग में बसा एक जीवंत जिला है यहाँ की गलियाँ, यहाँ के लोग, और यहाँ का जंक्शन जो सब कुछ अपनी कहानियाँ लिए खड़ा है।,यहाँ की धागों और कपड़ों की कला के बारे में ही पता था कि मऊ को प्यार से ताना-बाना नगरी भी कहा जाता है। उपन्यास में लूम मशीनधागा बुनने वाली मशीन का विस्तार से वर्णन है. तब मऊ ही उपन्यास और उपन्यास मऊ बन जाता है! “मऊ जंक्शन” इसी प्रतीक को अपने भीतर समेटे हुए है। यह केवल मऊ जिले या किसी स्टेशन की कहानी नहीं, बल्कि उस भारत की नब्ज़ है जहाँ ईमानदारी, संघर्ष, और उम्मीद अब भी जिंदा हैं।

कथानक की बात करें तो यह न केवल यथार्थवादी है, बल्कि उसमें गहरी भावनात्मक और प्रतीकात्मक परतें भी हैं। जीवन के छोटे-छोटे प्रसंगों के माध्यम से लेखक ने पूरे समाज का चित्र खींच दिया है—जहाँ संघर्ष, दोस्ती, प्रेम और राजनीति सब एक ही धरातल पर आ मिलते हैं।लेखक ने एक साधारण व्यक्ति के माध्यम से पूरे समाज की स्थिति को परखा है। कहानी किसी काल्पनिक नाटकीयता पर नहीं, बल्कि जीवन की ठोस जमीन पर टिकी है। इसमें घटनाओं की बुनावट सहज है और हर प्रसंग अगले प्रसंग से स्वाभाविक रूप से जुड़ता चला जाता है।उपन्यास तीन स्तरों में चलता है—
गाँव का यथार्थ ,युवावस्था का संघर्ष,राजनीतिक विडंबना।
लगभग 180 पृष्ठों में फैली यह कहानी 15–16 प्रसंगों में विभाजित है। घटनाएँ एक-दूसरे से जुड़कर धीरे-धीरे पात्रों का विकास करती हैं। कहीं भाषा बोलती है, कहीं मौन।कथानक सीधा है, पर उसकी परतें गहरी हैं।कहानी श्यामलाल और राजेश—दो दोस्तों की है, जो जीवन की दो दिशाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं। राजेश दर्शक है, विचारक है; जबकि श्यामलाल कर्मवीर है, जो संघर्ष की राह पर चलता है।स्टेशन से गाँव, गाँव से कॉलेज और कॉलेज से राजनीति—यह यात्रा बाहरी नहीं, भीतर की यात्रा है।लेखक ने घटनाओं को क्रमवार नहीं, बल्कि अनुभव-प्रवाह में लिखा है, जिससे कथा में जीवंतता बनी रहती है।

पात्र-चित्रण उपन्यास की सबसे बड़ी शक्ति है। हर पात्र अपने परिवेश से जुड़ा हुआ और पूरी तरह विश्वसनीय प्रतीत होता है। श्यामलाल, राजेश और राधिका के माध्यम से लेखक ने सामाजिक विविधता और मानवीय संवेदना दोनों को सशक्त रूप में प्रस्तुत किया है। ये पात्र केवल कहानी के पात्र नहीं, बल्कि समय के साक्षी हैं—जो अपनी-अपनी दृष्टि से जीवन को देख रहे हैं।श्यामलाल वह भारतीय युवक है जो किसी अख़बार की सुर्खियों में नहीं आता, पर हर गाँव, हर मोहल्ले में मौजूद है। वह मेहनती है, जिद्दी है, पर ईमानदार भी है।
राजेश, उसका मित्र, हमारे भीतर का ‘देखने वाला मन’ है—जो प्रश्न करता है, पर निर्णय नहीं सुनाता।राधिका प्रेमिका नहीं, बल्कि प्रेरणा का रूप है। वह बताती है कि प्रेम आत्मा का भरोसा है, दिखावे का नहीं।राहिल, राकेश, बबल चायवाला, और पिता मिथिलेश्वर यादव—ये सब मिलकर उपन्यास को सामाजिक धरातल पर टिकाते हैं।हर पात्र में लेखक ने “साधारण” को “असाधारण” की ऊँचाई दी है। यही इस उपन्यास का सबसे बड़ा सौंदर्य है।

उपन्यास के संवाद उसकी आत्मा होते हैं। वे केवल शब्द नहीं, बल्कि जीवन-दर्शन की अभिव्यक्ति हैं। “कभी जीवन में आप अपनी सोच से चलते हैं और कभी जीवन अपनी सोच से आपको चलाता है”—जैसे संवाद पाठक के मन में गहरे उतर जाते हैं।
भाषा भी इतनी लोकगंधयुक्त और सहज है कि उसमें न कृत्रिमता है, न जटिलता। लेखक ने बोली-बानी के शब्दों के माध्यम से पात्रों की सच्चाई और वातावरण की जीवंतता को बनाए रखा है।
उपन्यास की संरचना क्रमबद्ध होते हुए भी आत्मानुभूति से प्रवाहित है। घटनाएँ आपस में स्वाभाविक रूप से जुड़ती जाती हैं, जिससे कथा का प्रवाह एक जीवित अनुभव बन जाता है। कहीं भी कथा ठहरती नहीं, बल्कि भावनाओं और विचारों की लय में बहती रहती है।
अंततः, उपन्यास का विचार पक्ष अत्यंत प्रेरणादायक है। यह केवल संघर्ष की बात नहीं करता, बल्कि यह विश्वास भी जगाता है कि मनुष्य की सच्ची पहचान उसकी ईमानदारी और जिजीविषा में है। विक्रम सिंह का दृष्टिकोण मानवीय है—वे समाज को बदलने का नहीं, समझने और संवेदित करने का प्रयास करते हैं। विक्रम सिंह ने इस उपन्यास में साधारण जीवन को साहित्यिक गरिमा दी है,और यह साबित किया है कि यथार्थ का भी अपना काव्य होता है — अगर उसे सच्चाई से लिखा जाए।
—————————————————————————-
नोट :अपने छात्र जीवन में मैंने इंटर में उपन्यास कला तत्वों के आधार पर समीक्षा करना अपने हिंदी अध्यापक मिश्रा जी, विद्या मंदिर सेक्टर 2 भेल हरिद्वार से सीखा था उसी तर्ज पर ईमानदारी से की गई समीक्षा यहाँ वाल पर सभी के लिए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *